भगवान् सदा तुम्हारे साथ हैं
विश्वास करो—भगवान् सर्वज्ञ हैं, सर्वशक्तिमान् हैं और सबके सुहृद् हैं और वे सदा-सर्वदा सर्वत्र तुम्हारे साथ हैं, उनका रक्षक हाथ सदा तुम्हारी रक्षाके लिये तैयार है।
विश्वास करो—तुम्हारे अंदर भगवान् विराजमान हैं, तुम्हारे अंदर उनकी शक्ति छिपी हुई है। तुम चाहो तो अपने अंदर उनका अनुभव कर सकते हो, उन्हें देख सकते हो और उनकी अचिन्त्य शक्तिसे शक्तिमान् बन सकते हो!
विश्वास करो—उनकी शक्तिके सामने पाप-तापकी, शोक-मोहकी, विषाद-दु:खकी, माया-ममताकी ताकत नहीं है कि वे तुम्हारे समीप भी आ सकें। तुम्हें वशमें करना तो बहुत दूरकी बात है!
••••
विश्वास करो—तुमपर पाप-ताप आदिका आक्रमण तभी होता है जब तुम भगवान् और भगवान्की शक्तिकी ओर नहीं देखते—अपने अंदर ही उनके होनेका विश्वास नहीं करते।
••••
विश्वास करो—तुम चाहो तो सहज ही भगवान्की शक्तिके सहारे शान्तिसे अशान्तिको, आनन्दसे शोकको, वैराग्यसे आसक्तिको, ज्ञानसे मोहको, प्रकाशसे तमको, हर्षसे विषादको, आशासे निराशाको, अनुभवसे कल्पनाको और नित्य भगवद्भावसे सारे अभावोंको दूर कर सकते हो!
••••
विश्वास करो—भगवान् समग्र शान्ति, समग्र आनन्द, समग्र ज्ञान, समग्र प्रकाश, समग्र हर्ष, समग्र आशा, समग्र वैराग्य, समग्र अनुभव और समग्र स्वभावको लेकर नित्य-निरन्तर तुम्हारे अंदर विराजमान हैं।
••••
विश्वास करो—विश्वासपूर्वक प्रार्थना करते ही, स्मरण करते ही भगवान् तुम्हें अपनानेके लिये तैयार हैं। उनका अमल प्रकाश तुम्हारे जीवन-पथको सर्वदा प्रकाशित कर देगा और तुम सहज ही उनके मधुर मनोहर मुसकानभरे मुखड़ेको देखकर निहाल हो जाओगे।
••••
विश्वास करो—इसी जीवनमें, इसी यात्रामें तुम अपनी अनन्त कालकी अपूर्ण कामनाको पूर्ण कर सकते हो, भगवान्को पाकर अपने अल्प, समीप और दु:खमय जीव-जीवनको महान्, असीम, अनन्त और आनन्दमय बना सकते हो!