बुद्धिके निश्चयकी महत्ता

दूसरे अध्यायके उनतालीसवें श्लोकमें भगवान‍्ने कहा है—

एषा तेऽभिहिता सांख्ये बुद्धिर्योगे त्विमां शृणु।

(गीता २। ३९)

हे पार्थ! यह बुद्धि तेरे लिये ज्ञानयोगके विषयमें कही गयी, अब इसको कर्मयोगके विषयमें सुन। ज्ञानयोगके विषयमें अपने स्वरूपके अनुभवकी बात कही। कर्मयोगके विषयमें निश्चयकी बात कही। निश्चय क्या? कि हमें तो परमात्मतत्त्वको ही प्राप्त करना है। ऐसा पक्‍का निश्चय होते ही संसारसे सम्बन्ध-विच्छेद हो गया बिलकुल। कैसे? जैसे आपकी कन्या है। उसका आपके प्रति अपनापन है। उसका आपके प्रति आदरका भाव रहता है। परन्तु वाग्दान-सगाई होनेके बाद जितना अपनापन पहले माँ-बापके साथ था, उतना नहीं रहता। परंतु वह लड़का जिसे उसने देखा भी नहीं, उसका नाम सुनती है तो उसमें अपनेपनका अनुभव करती है। उसके घरको अपना घर मानने लगती है। यह भाव बदलनेसे ऐसी बात हो जाती है। परंतु यह संसारी सम्बन्ध तो अस्थिर है। परंतु हमारा भगवान‍्के साथ सम्बन्ध स्थिर है।

‘ममैवांशो जीवलोके जीवभूत: सनातन:।’

(गीता १५। ७)

‘इस देहमें यह सनातन जीवात्मा मेरा ही अंश है।’ अत: जब पक्‍का निश्चय हो जाय कि हमें तो परमात्माकी ओर ही जाना है तो जो नित्य सम्बन्ध है वह जाग्रत् हो जाता है। हम परमात्माके हैं और परमात्मा हमारे हैं, यह सम्बन्ध होते ही भजन, ध्यान, सत्संग, स्वाध्याय स्वत: होगा। भगवान‍्के गुण, प्रभाव, लीला, रहस्य सब अपने मालूम होंगे। संसारकी चीजें अपनी नहीं हैं। जैसे शरीरका काम करते हैं ऐसे ही संसारका काम कर देना है। जिस प्रकार विवाहित चतुर लड़की माता, पिता, भाई आदिके घर आती है तो वहाँकी ऐसी ठीक प्रकारसे सँभाल करती है कि पिता, भाई यह समझने लगते हैं कि लड़की यहाँपर है, सब सँभाल लेगी। वह घरकी चीज-वस्तुओंकी, गाय-भैंस आदिकी ठीक प्रकारसे सँभाल रखती है। परंतु उन्हें अपना नहीं मानती। ऐसे ही परमात्माके साथ सम्बन्ध जुड़नेपर, अपनापन माननेपर, मनुष्य संसारकी वस्तुओंकी ठीक प्रकारसे सार-सँभाल करेगा, परन्तु हृदयसे यही मानेगा कि ये मेरी नहीं हैं। भगवान‍्के साथ अपनापन माननेमें जितना बल है, उतना अन्य साधनमें नहीं है।

एक कहानी कहा करते हैं कि मथुराके कई चौबेलोगोंने मथुरासे प्रयागराज कुम्भ जानेका विचार किया। रेल, मोटर, साइकिल, पैदल ऐसे विचार करके अन्तमें नौकापर जानेका विचार हुआ। यमुनाजी उधर बहती हैं ऐसा विचार करके शामको भाँग घोटकर मस्तीमें रातको रवाना हुए। विश्रामघाटसे चले, कई आदमी थे। सारी रात नाव चलायी। प्रात:काल हो गया। शहर दिखायी दिया। पूछा—कौन-सा शहर है? उत्तर मिला—मथुरा। फिर व्याकुल होकर पूछा—कौन-सा घाट है? उत्तर मिला—विश्रामघाट। सोचने लगे कि विश्रामघाटसे तो चढ़े थे, क्या बात हुई? खोज करनेपर ध्यान आया कि नौकाका रस्सा खोलना भूल गये। रस्सा खोले बिना नाव कितनी ही चलावें, वहीं-के-वहीं होंगे। ऐसे ही अपनापन संसारसे रखोगे तो कितनी ही नौका चलाओ, भगवान‍्की ओर नहीं पहुँचोगे। परन्तु यदि रस्सा खोल दिया अर्थात् यह स्वीकार कर लिया कि हमारे तो परमात्मा हैं और हम परमात्माके हैं तो यमुनाजी स्वत: ही आपको अपने लक्ष्यकी ओर ले जायँगी, अर्थात् स्वत: ही भजन-ध्यान होगा।

मुझे व्याख्यान देते कई वर्ष बीत गये, तब एक बात मनमें आयी कि ऐसे ऊँचे-ऊँचे महापुरुष हो गये हैं, उन्होंने शिष्य क्यों बनाये? उन्हें संसारसे जब कुछ चाहना नहीं, लेना नहीं, फिर वे शिष्य क्यों बनाते हैं। तो स्वत: उत्तर आया कि वे अपने लिये शिष्य नहीं बनाते हैं। वे शिष्य इसलिये बनाते हैं कि शिष्यको बता दें कि तुम संसारके नहीं हो, तुम भगवान‍्के हो। शिष्य जान लेता है कि गुरु महाराजने बता दिया कि भगवान् हमारे हैं, संसार हमारा नहीं है। इस अपनेपनमें इतनी शक्ति है कि इसकी जितनी महिमा गायी जाय, उतनी थोड़ी है।

आप थोड़ा ध्यान देकर सुनें तो बात आपकी समझमें आ जाय। घरमें छोटा-सा बालक होता है। यदि वह रात्रिमें रोने लग जाय तो घरमें माता, पिता, दादी, दादा, ताऊ, चाचा आदि सभीको जगा देता है। सभी कहते हैं कि बच्चा क्यों रोता है? औषध दो, वैद्यको बुलाओ, डॉक्टरको दिखाओ। उसके रोनेमें इतनी ताकत है कि वह सब घरवालोंको नचा देता है। किसके बलपर? अपनेपनके बलपर। घरवाले समझते हैं कि अपना बच्चा है। वे उसकी योग्यता, विद्या, बुद्धि, बल, त्याग आदि कुछ नहीं देखते। इसी प्रकार भगवान् जितना अपनेपनको महत्त्व देते हैं, उतना भजन, साधन, जप, कीर्तन, तप, योग्यता, अधिकार आदि किसीको नहीं देते। भीतरसे यह अटूट सम्बन्ध हो कि हम तो भगवान‍्के हैं और भगवान् हमारे हैं। इसमें बड़ी भारी ताकत है। एक करोड़पतिका लड़का है जो बहुत योग्य नहीं है। और मुनीम है जो बहुत योग्य है, वह दस हजार मासिक वेतन पाता है। लड़का यदि और कहीं जाकर नौकरी करे तो उसे सौ रुपये महीना भी शायद ही कोई दे। सौ रुपये मिलना भी मुश्किल है; क्योंकि योग्यता नहीं है। परन्तु सेठके मरनेपर मालिक योग्य मुनीम नहीं, अयोग्य लड़का ही बनता है। क्यों? क्योंकि वह मालिकका अपना है। योग्यतासे नौकरी मिलेगी। जितनी योग्यता होगी उतनी ही नौकरी मिलेगी। परन्तु मैं भगवान‍्का ही हूँ, भगवान् ही मेरे हैं, संसार मेरा नहीं, मैं संसारका नहीं हूँ—इस मान्यताके समान कोई योग्यता नहीं, कोई बल नहीं है।

आप यहाँ सत्संगमें बैठे हैं, पर भीतरसे सम्बन्ध जुड़ा हुआ है कि घर मेरा है, कुटुम्ब मेरा है, धन मेरा है। यह जो मेरेपनका भाव है यही बन्धन है। यही सम्बन्ध अगर भगवान‍्से कर लें तो बन्धनसे मुक्त हो जायँ और निहाल हो जायँ।

यह जो बात है, इसमें बड़ी ताकत है। आपका घर, कुटुम्ब, धन जिसे आप अपना मानते हैं ये अबसे सौ वर्ष पहले आपके थे क्या? और सौ वर्ष बाद आपके रहेंगे क्या? ‘आदावन्ते च यन्नास्ति वर्तमानेऽपि तत्तथा’ जो आदि-अन्तमें नहीं होता, वह वर्तमानमें भी नहीं होता। ये वास्तवमें हैं नहीं, केवल दीखते हैं। तो क्या करना है? इनका सदुपयोग करो। ये सदुपयोगके लिये हैं। अधिकार जमानेके लिये, कब्जा करनेके लिये नहीं। जैसे हम यहाँ इस बगीचेमें रहते हैं, काम करते हैं, भोजन करते हैं, जल पीते हैं। हमें यह बगीचा रहनेके लिये दिया है, कब्जा करनेके लिये नहीं। यदि कब्जा जमाने लगें तो कान पकड़कर बाहर कर दिये जायँगे। इसी प्रकार यह संसार (अर्थात् धन, सम्पत्ति, परिवार, पद आदि) अधिकार जमानेके लिये नहीं मिला है। अपितु अपना उद्धार करनेके लिये, अपना कल्याण करनेके लिये मिला है। ये सब संसारकी सामग्री आप सदा रखना चाहो, रख सकोगे नहीं। फिर क्यों इज्जत खोते हो? मारवाड़ी शब्दोंमें—‘क्यों माजनो गमावे’ केवल बेइज्जती होगी और क्या मिलेगा?

एक बात और है। उसकी ओर विशेष ध्यान देना है। भगवान‍्के साथ नया सम्बन्ध नहीं जोड़ना है। हम सोचते हैं कि संसारके साथ तो हमारा सम्बन्ध है; परंतु भगवान‍्के साथ सम्बन्ध जोड़ेंगे। लेकिन भगवान‍्के साथ हमारा सम्बन्ध स्वत: है, केवल भूल गये हैं। अत: भूलको छोड़ना है और हमारा जोड़ा हुआ सम्बन्ध तो संसारसे है। अत: उस जोड़े हुए सम्बन्धको छोड़ना है। असली सम्बन्धको याद करना है कि हम भगवान‍्के हैं। पूरी गीताका उपदेश सुनानेपर भगवान‍्ने अर्जुनसे पूछा कि क्या तूने एकाग्रतासे गीता सुनी और क्या तेरा मोह नष्ट हुआ? तो अर्जुनने उत्तर दिया ‘नष्टो मोह: स्मृतिर्लब्धा’ अर्थात् मोह नष्ट हो गया और पुरानी बात याद आ गयी, कोई नयी चीज नहीं हुई। क्योंकि भगवान‍्के साथ पहलेसे स्वत: सम्बन्ध है, मैं भगवान‍्का हूँ यह बात भूल गया था, अब याद आ गयी।