चुगलीसे हानि
चुगली करना, इधर-उधर बात फैलाना, द्वेष पैदा करना, कलह करवाना—यह महान् हत्या है, बड़ा भारी पाप है। एक नौकर मुसलमानके यहाँ जाकर रहा। रहनेसे पहले उसने कह दिया कि मेरी इधर-की-उधर करनेकी आदत है, पहले ही कह देता हूँ! मियाँने सोचा कि कोई परवाह नहीं, ‘मियाँ बीबी राजी तो क्या करेगा काजी’ और रख लिया उसे। अब वह एक दिन जाकर रोने लगा तो बीबीने पूछा कि रोता क्यों है? तो बोला कि आपके घर रहता हूँ, तनखा पाता हूँ, जिससे मेरा काम चलता है। आपके हितकी बात कहनेकी मनमें आती है, पर क्या करूँ, आपको जचे, न जचे! दु:ख होता है! बीबीने कहा कि बता तो दे, क्या दु:ख है? उसने कहा कि मियाँ साहब तो दूसरी शादी करना चाहते हैं, आपके आफत आ जायगी! तो बीबीने पूछा कि इसका कोई उपाय है? उसने कहा—‘हाँ, इसका उपाय है। आप मियाँकी दाढ़ीके कुछ केश ले आओ तो मैं उसकी एक तावीज (यन्त्र) बना दूँगा, फिर सब ठीक हो जायगा।’ उधर उस मियाँको जाकर कह दिया कि ‘बीबी आपसे बड़ा द्वेष रखती है, कभी मारेगी आपको! मेरे आगे बात करती है, इसलिये आप खयाल रखना।’ अब मियाँ भी सजग रहने लगा कि कहीं मेरेको मार न दे। एक दिन मियाँ नींदका बहाना बनाकर लेटे हुए थे। वह दाढ़ीके केश काटनेके लिये छुरी लेकर आयी तो उसने सोचा कि यह तो मेरा गला काटेगी। अत: दोनोंमें बड़ी कलह हो गयी। इसलिये कहा है—
चुगलखोरसे बात न करना, खड़ा न रहना पास।
मियाँ बीबी दोनों मरे, भयो कुटुम्ब को नास॥