असत‍्का त्याग तथा सत‍्की खोज

जिसको हम असत् जानते हैं, उसका त्याग करनेसे स्वत:सिद्ध तत्त्वका अनुभव हो जाता है। वास्तवमें असत‍्की सत्ता विद्यमान है ही नहीं—‘नासतो विद्यते भाव:’। असत‍्का अत्यन्त अभाव है। मैं, तू, यह और वह—इन चारोंकी सत्ता ही नहीं है। जो कुछ भी देखने, सुनने, मानने, चिन्तन करनेमें आता है, वह वास्तवमें है ही नहीं। इन्द्रियाँ, अन्त:करण और अहंकार—ये तीनों ही नहीं हैं।

हम जानते हैं कि संसार निरन्तर बदलता है। यह जैसा पहले था, वैसा अब नहीं है और जैसा अब है, वैसा आगे नहीं रहेगा। परंतु ऐसा जानते हुए भी हम संसारकी सत्ता मानते हैं—यह जाने हुए असत‍्की सत्ताको स्वीकार करना है। जाने हुए असत‍्की सत्ताको स्वीकार करना तथा उसको महत्त्व देना ही बन्धनका मूल कारण है।

मनुष्यमात्रमें असत‍्का त्याग करनेकी सामर्थ्य भी है और स्वतन्त्रता भी! असत‍्का त्याग करनेमें कोई भी असमर्थ और पराधीन नहीं है। अब विचार इस बातपर करना है कि असत‍्को असत्-रूपसे जानते हुए भी उसका आकर्षण क्यों हो रहा है? उसका त्याग क्यों नहीं हो रहा है?

जब हम अपनेमें असत‍्की सत्ता स्वीकार कर लेते हैं और सत्ता स्वीकार करके उसको महत्ता दे देते हैं, तब असत् का आकर्षण होता है। संयोगजन्य सुखकी इच्छा करना ही अपनेमें असत् की सत्ता और महत्ताको स्वीकार करना है। हम विचारके समय तो संसारको असत् मानते हैं, पर अन्य समय असत् के संगका सुख भोगते हैं, इसीलिये (सुखासक्तिके कारण) असत् का त्याग करनेमें कठिनता मालूम दे रही है।

संयोगजन्य सुखके पहले उसके अभावका दु:ख है, अन्तमें उसके वियोगका दु:ख है तथा बीचमें भी उसका प्रतिक्षण अभाव हो रहा है—यह ज्ञान होनेपर सुखकी इच्छा मिट जाती है। कारण कि अभाव ही शेष रहता है और अभावमें सुख हो नहीं सकता। गीतामें आया है—

ये हि संस्पर्शजा भोगा दु:खयोनय एव ते।

आद्यन्तवन्त: कौन्तेय न तेषु रमते बुध:॥

(५।२२)

‘हे कुन्तीनन्दन! जो इन्द्रियों और विषयोंके संयोगसे पैदा होनेवाले भोग हैं, वे आदि-अन्तवाले और दु:खके ही कारण हैं। अत: विवेकी मनुष्य उनमें रमण नहीं करता।’

विवेकका अनादर करनेके कारण मनुष्य आरम्भको देखता है, परिणामको नहीं। सुखभोगके परिणाममें दु:ख आयेगा ही—यह नियम है। कारण कि सुखभोगके परिणाममें अपनी शक्तिका ह्रास और भोग्य वस्तुका नाश होता ही है—यह नियम है। यदि मनुष्य सुखभोगके परिणामपर विचार करे, उसके परिणामको महत्त्व दे तो सुखभोगकी रुचि मिट जायगी; क्योंकि दु:ख और अभावको कोई भी नहीं चाहता। दु:ख और अभाव स्वाभाविक अरुचिकर होता है। इसलिये गीता कहती है—

विषयेन्द्रियसंयोगाद्यत्तदग्रेऽमृतोपमम्।

परिणामे विषमिव तत्सुखं राजसं स्मृतम्॥

(१८।३८)

‘जो सुख इन्द्रियों और विषयोंके संयोगसे आरम्भमें अमृतकी तरह और परिणाममें विषकी तरह होता है, वह सुख राजस कहा गया है*।’

तात्पर्य है कि आरम्भमें भोग्य पदार्थ बड़े अच्छे लगते हैं और उनमें बड़ा सुख मालूम देता है। परंतु उनको भोगते-भोगते जब परिणाममें वह सुख नीरसतामें परिणत हो जाता है और उससे सर्वथा अरुचि हो जाती है, तब वही सुख विषकी तरह मालूम देता है। वास्तवमें सुखकी रुचि बनावटी है और अरुचि स्वाभाविक है।

केवल दूसरोंको सुख देनेका स्वभाव बन जाय तो सुखासक्ति सुगमतापूर्वक मिट जाती है। कारण कि असत् से सुख लेनेके कारण ही अपनेमें असत् के त्यागकी असामर्थ्य तथा असत् की पराधीनता प्रतीत होती है। इसलिये साधकको यह दृढ़ निश्चय कर लेना चाहिये कि मेरेको असत् से सुख लेना ही नहीं है।

एक मार्मिक बात है कि ढीली प्रकृतिवाला अर्थात् शिथिल स्वभाववाला मनुष्य असत् का जल्दी त्याग नहीं कर सकता। एक विचार किया और उसको छोड़ दिया। फिर दूसरा विचार किया और उसको छोड़ दिया—इस प्रकार बार-बार विचार करने और उसको छोड़ते रहनेसे आदत बिगड़ जाती है। इस बिगड़ी हुई आदतके कारण ही वह असत् के त्यागकी बातें तो सीख जाता है, पर असत् का त्याग नहीं कर पाता। अगर असत् का त्याग कर भी देता है तो स्वभावकी ढिलाईसे फिर उसको सत्ता दे देता है। स्वभावकी यह शिथिलता स्वयं साधककी बनायी हुई है। अत: साधकके लिये यह बहुत आवश्यक है कि वह अपना स्वभाव दृढ़ रहनेका बना ले। एक बार वह जो विचार कर ले, फिर उसपर वह दृढ़ रहे—‘भजन्ते मां दृढव्रता:’ (गीता ७। २८)। छोटी-सी-छोटी बातमें भी वह दृढ़ (पक्‍का) रहे तो उसमें असत् का त्याग करनेकी शक्ति आ जायगी।

साधकमें एक तो असत् की रुचि (भोगेच्छा) है और एक सत् की भूख (जिज्ञासा) है। यह सिद्धान्त है कि असत् की रुचि असत् में नहीं होती और सत् की भूख सत् में नहीं होती। जिसमें असत् की रुचि और सत् की भूख है, वह जीव है। रुचि ‘कामना’ है और भूख ‘आवश्यकता’ है। कामना कभी पूरी नहीं होती, प्रत्युत उसकी निवृत्ति ही होती है। परंतु आवश्यकता पूरी होनेवाली ही होती है। मनुष्यमें केवल कामना तो नहीं रह सकती, पर केवल आवश्यकता रह सकती है। केवल आवश्यकता रहते ही उसकी पूर्ति हो जाती है। जैसे जबतक लकड़ी रहती है, तबतक आग रहती है। लकड़ी समाप्त होते ही आग शान्त हो जाती है। ऐसे ही जबतक कामना (भोगेच्छा) है, तबतक आवश्यकता (जिज्ञासा) है। कामनाके कारण ही आवश्यकता है। इसलिये कामना मिटते ही आवश्यकता पूरी हो जाती है। अत: साधकको चाहिये कि वह आवश्यकतामें कामनाको मिला दे अर्थात् उसके जीवनमें कामना न रहे, प्रत्युत एक आवश्यकता ही रहे। असत् की रुचि न रहे, प्रत्युत सत् की ही रुचि रहे और सत् की ही भूख रहे। सत् की भूख ही जिज्ञासा कहलाती है। जिज्ञासा और जिज्ञास्य तत्त्वमें कोई भेद नहीं है। परंतु जबतक जिज्ञासु रहता है अर्थात् अहम‍् रहता है, तबतक जिज्ञासा और जिज्ञास्य तत्त्वकी एकता स्पष्ट नहीं होती। अहम‍्के मिटनेपर जिज्ञासु नहीं रहता, प्रत्युत जिज्ञासामात्र रह जाती है। जिज्ञासामात्र रहते ही जिज्ञासा जिज्ञास्य तत्त्वसे एक हो जाती है अर्थात् आवश्यकताकी पूर्ति हो जाती है।

असत् नित्यनिवृत्त है, इसलिये उसका त्याग होता है और सत् नित्यप्राप्त है, इसलिये उसकी खोज होती है। निर्माण और खोज—दोनोंमें बहुत अन्तर है। निर्माण उस वस्तुका होता है, जिसका पहलेसे अभाव होता है और खोज उस वस्तुकी होती है, जो पहलेसे ही विद्यमान होती है। सत् का अभाव विद्यमान है ही नहीं—‘नाभावो विद्यते सत:’; अत: सत् की खोज होती है, निर्माण नहीं होता। जब साधक सत् की सत्ताको स्वीकार करता है, तब खोज होती है। खोजके दो प्रकार हैं—एक तो कण्ठी कहीं रखकर भूल जायँ तो हम उसको जगह-जगह ढूँढ़ते हैं और दूसरा, कण्ठी गलेमें ही हो तथा वहम हो जाय कि कण्ठी खो गयी तो हम उसको जगह-जगह ढूँढ़ते हैं। परमात्मतत्त्वकी खोज गलेमें पड़ी कण्ठीकी खोजके समान है। तात्पर्य है कि जिस परमात्मतत्त्वको हम चाहते हैं और जिसकी हम खोज करते हैं, वह परमात्मतत्त्व अपनेमें ही है! परंतु संसार अपनेमें नहीं है। जो अपनेमें है, उसकी खोज करनेसे परिणाममें वह मिल जाता है। परंतु जो अपनेमें नहीं है, उसकी खोज करनेसे परिणाममें वह मिलता नहीं; क्योंकि उसकी सत्ता ही नहीं है।

परमात्मतत्त्व कभी अप्राप्त है ही नहीं। उसकी विस्मृति हुई है, अप्राप्ति नहीं हुई है। यह विस्मृति अनादि और सान्त (अन्त होनेवाली) है। जैसे दो व्यक्ति आपसमें एक-दूसरेको पहचानते नहीं तो यह अपरिचय कबसे है—इसको कोई बता नहीं सकता। हम संस्कृत भाषा नहीं जानते तो यह न जानना कबसे है—इसको हम बता नहीं सकते। तात्पर्य है कि व्यक्तियोंकी सत्ता, हमारी सत्ता, संस्कृत भाषाकी सत्ता तो पहलेसे ही है, पर उनका परिचय पहलेसे नहीं है। ऐसे ही विस्मृतिके समय भी परमात्मतत्त्वकी सत्ता ज्यों-की-त्यों है। परमात्मतत्त्व तो नित्यप्राप्त है, पर उसकी विस्मृति है अर्थात् उधर दृष्टि नहीं है, उससे विमुखता है, उससे अपरिचय है, उसकी अप्राप्तिका वहम है। परमात्मतत्त्वकी खोज करनेपर यह विस्मृति मिट जाती है और स्मृति प्राप्त हो जाती है—‘नष्टो मोह: स्मृतिर्लब्धा’ (गीता १८। ७३)।

परमात्मतत्त्वकी खोजमें अभ्यास नहीं है। अभ्यास करनेसे हम तत्त्वसे अलग हो जाते हैं। ज्यों अभ्यास करते हैं, त्यों तत्त्वसे अलग होते हैं। इसलिये कहा है—

श्रुति पुरान बहु कहेउ उपाई।

छूट न अधिक अधिक अरुझाई॥

(मानस ७।११७।६)

अगर साधकको अभ्यास करना ही हो तो इतना ही अभ्यास करे कि ‘मुझे कुछ नहीं करना है!’ हमारा स्वरूप चिन्मय सत्तामात्र है। सत्तामात्रमें कभी किंचिन्मात्र भी कोई कमी नहीं आती। कारण कि भावका अभाव हो ही कैसे सकता है! इसलिये अपने लिये कभी किंचिन्मात्र भी किसी चीजकी जरूरत हुई नहीं, है नहीं, होगी नहीं और हो सकती नहीं। अत: अपने लिये अपनेको कुछ नहीं करना है। करने तथा न करनेका आग्रह होनेसे अहंकार आता है और करने तथा न करनेका आग्रह न होनेसे अहंकार छूट जाता है। असत् के संगके बिना स्वरूप कुछ कर सकता ही नहीं; क्योंकि स्वरूपमें कर्तृत्व है ही नहीं। समाधिमें भी असत् का संग रहता है, जिसके कारण समाधि और व्युत्थान—ये दो अवस्थाएँ होती हैं। परंतु कुछ न करनेमें असत् का संग नहीं है। पहले भी कुछ नहीं था, पीछे भी कुछ नहीं रहेगा; अत: अभी भी कुछ नहीं है—‘आदावन्ते च यन्नास्ति वर्तमानेऽपि तत्तथा’(माण्डूक्यकारिका ४। ३१)। कुछ नहीं रहना निरन्तर है। घोर-से-घोर प्रवृत्तिमें भी निवृत्ति निरन्तर है। इस निवृत्तिको अर्थात् कुछ नहीं करनेको ही ‘परम विश्राम’ कहा गया है—‘पायो परम बिश्रामु’ (मानस ७। १३०। छं० ३)। श्रमका तो आदि और अन्त होता है, पर विश्रामका आदि और अन्त नहीं होता। विश्राम निरन्तर रहता है। श्रमके समय भी विश्राम ज्यों-का-त्यों रहता है। परंतु हमारी दृष्टि श्रमपर ही रहती है, विश्रामकी तरफ नहीं जाती। असत् का सर्वथा त्याग होनेपर नित्यप्राप्त विश्रामकी प्राप्ति हो जाती है।

वास्तवमें असत् के त्यागमें ही सत् की खोज निहित है। ज्ञान भी असत् का ही होता है, सत् का नहीं। असत् को असत्-रूपसे जानना ही ज्ञान है। ज्ञानसे असत् की निवृत्ति हो जाती है और सत् ज्यों-का-त्यों शेष रह जाता है; क्योंकि सत् नित्यप्राप्त है। असत् की मानी हुई सत्ता और महत्ता ही नित्यप्राप्त सत् के अनुभवमें बाधक है। अत: सत् की प्राप्ति तो स्वत:सिद्ध है, कमी असत् के त्यागकी ही है। सत् की प्राप्ति नहीं होती, प्रत्युत असत् की निवृत्ति होती है। असत् की सत्ता कल्पित है, उसका कोई मूल आधार नहीं है। अत: असत् का त्याग स्वत: है, सुगम है और श्रेष्ठ है! इसमें एक मार्मिक बात है कि वास्तवमें असत् का त्याग नहीं करना है, प्रत्युत असत् के अभावका अनुभव करना है—‘नासतो विद्यते भाव:’(गीता २।१६) ‘असत् की सत्ता विद्यमान नहीं है।’ कारण कि त्याग करनेसे अहम‍् (त्यागी) शेष रहेगा, जब कि अभावको स्वीकार करनेसे अहम‍् शेष नहीं रहेगा। जबतक अहंरूपी अणु है, तबतक असत् का संग है। असत् का वास्तविक त्याग अहंरूपी अणुके टूटनेपर ही होता है।

स्वरूपमें अहम‍् नहीं है। अहंरहित स्वरूपका बोध ही वास्तविक बोध है। अहंरहित स्वरूपका बोध होनेके लिये दो युक्तियाँ बहुत कामकी हैं—

(१) सुषुप्तिमें अहम‍् नहीं रहता, पर स्वरूप रहता है। अत: सभीको सुषुप्तिके समय अहम‍्के अभावका और स्वयंके भावका अनुभव होता है, जिसका स्पष्ट बोध जगनेपर होता है। जैसे, जगनेके बाद हम कहते हैं कि ‘मैं ऐसे सुखसे सोया कि कुछ पता नहीं था’; परंतु ‘कुछ पता नहीं था’—इसका तो पता था ही। अत: ‘कुछ पता नहीं था’—यह अहम‍्का अभाव है और इसका ज्ञान जिसको है, वह अहंरहित स्वरूप है।

(२) जीव अनेक योनियोंमें जाता है तो योनियाँ बदलती हैं, शरीर बदलते हैं, पर स्वयं वही रहता है। अलग-अलग योनियोंमें अहम‍् भी अलग-अलग रहता है, पर स्वयंकी सत्ता सभी योनियोंमें एक ही रहती है।

‘मैं हूँ’—यह अहंसहित सत्ता है और ‘है’—यह अहंरहित सत्ता है। साधकको चाहिये कि वह ‘मैं हूँ’ को न देखकर ‘है’ में ही रहे। ‘मैं’ (अहम‍्) तो ‘तू’, ‘यह’ और ‘वह’ हो जाता है, पर ‘है’ सदा ‘है’ ही रहता है। तात्पर्य है कि ‘मैं’ तो बदलता है, पर ‘है’ नित्य ज्यों-का-त्यों रहता है। परंतु जबतक ‘मैं’ रहता है, तबतक ‘है’ का अनुभव नहीं होता, प्रत्युत ‘हूँ’ का ही अनुभव होता है। ‘हूँ’ में ‘मैं’ (असत्)-का अंश भी है और ‘है’ (सत्)-का अंश भी है। परंतु ‘मैं’ की मुख्यता रहनेके कारण ‘है’ गौण हो जाता है। तात्पर्य है कि ‘मैं’ का संस्कार मुख्य होनेसे अन्त:करणमें ‘मैं’ ही छाया रहता है, जिससे ‘है’ का अनुभव नहीं होता। इतना ही नहीं, ‘मैं’ की मुख्यता होनेसे ‘है’ भी ‘मैं’ के आश्रित दीखता है, जो कि वास्तवमें है नहीं। जब साधक यह अनुभव कर लेता है कि ‘मैं’ एकदेशीय, दृश्य (दीखनेवाला) और ज्ञेय (जाननेमें आनेवाला) है, तब आकाशमें तारेकी तरह ‘मैं’ अल्प हो जाता है अर्थात् ‘मैं’ की मुख्यता मिट जाती है। मुख्यता मिटनेपर ‘मैं’ गौण हो जाता है और ‘है’ मुख्य हो जाता है। ‘है’ की मुख्यता होनेपर ‘मैं’ की कृत्रिम सत्ता लुप्त हो जाती है; क्योंकि जो अल्प होता है, वह मर्त्य होता है—‘यदल्पं तन्मर्त्यम्’ (छान्दोग्य० ७। २४। १)। ‘मैं’ के मिटनेपर ‘हूँ’ ‘है’ में परिणत हो जाता है, जो कि पहलेसे ही है—

तेरा साहिब है घट मांही, बाहर नैना क्यों खोले।

कहत कबीर सुनो भाई साधो, साहिब पाया तृण-ओले॥

‘मैं’ ही तृण है, जिसकी ओटमें ‘है’ छिपा हुआ है! इस प्रकार अहंरहित स्वरूपके साक्षात्कारको ही उपनिषद् में कहा है—

आत्मानं चेद् विजानीयात् अयमस्मीति पूरुष:।

(बृहदा० ४।४।१२)

इस अहंरहित चिन्मय सत्तामें न देश है, न काल है, न वस्तु है, न क्रिया है, न व्यक्ति है, न घटना है, न परिस्थिति है, न अवस्था है, न जड़ है, न चेतन है, न स्थावर है, न जंगम है, न लोक है, न परलोक है, कुछ नहीं है, केवल चिन्मय सत्तामात्र है। इस चिन्मय सत्तामें सबकी स्वत:स्वाभाविक स्थिति है। सत्तामें स्वत:स्वाभाविक स्थितिको ही परम विश्राम, सहज समाधि, सहजावस्था* आदि नामोंसे कहा गया है।

सहजावस्था स्वत:सिद्ध है। उसमें न प्रयत्न है, न अप्रयत्न है; न करना है, न नहीं करना है; न संयोग है, न वियोग है; न भाव है, न अभाव है; न स्थिरता है, न चंचलता है; न आना है, न जाना है। यह सहजावस्था कभी बनती-बिगड़ती नहीं। चाहे महाप्रलय हो जाय, चाहे महासर्ग हो जाय, चाहे करोड़ों ब्रह्माजी बीत जायँ, पर सहजावस्था ज्यों-की-त्यों रहती है—

इदं ज्ञानमुपाश्रित्य मम साधर्म्यमागता:।

सर्गेऽपि नोपजायन्ते प्रलये न व्यथन्ति च॥

(गीता १४।२)

‘इस ज्ञानका आश्रय लेकर जो मनुष्य मेरी सधर्मताको प्राप्त हो गये हैं, वे महासर्गमें भी उत्पन्न नहीं होते और महाप्रलयमें भी व्यथित नहीं होते।’

भगवान‍्ने बहुत ही मार्मिक बात कही है—

नासतो विद्यते भावो नाभावो विद्यते सत:।

(गीता २।१६)

‘असत‍्की सत्ता विद्यमान नहीं है अर्थात् असत् नित्य-निरन्तर निवृत्त है और सत् का अभाव विद्यमान नहीं है अर्थात् सत् नित्य-निरन्तर प्राप्त है।’

सत्ता एकमात्र सत्-तत्त्वकी ही है। असत् की सत्ता है ही नहीं। सत्-ही-सत् है, असत् है ही नहीं। जो निरन्तर बदल रहा है तथा नाशकी तरफ जा रहा है, उस असत् की सत्ता हो ही कैसे सकती है? जो भी सत्ता और महत्ता दीखनेमें आती है, वह सब सत् के कारण ही है। एक मार्मिक बात है कि सत् ही असत् को सत्ता देता है। कारण कि सत् असत् का विरोधी नहीं है, प्रत्युत सत् की जिज्ञासा असत‍्की विरोधी है। इसलिये ज्ञानी महापुरुष अज्ञानीसे द्वेष नहीं करते, प्रत्युत उनका भी आदर करते हैं। ब्रह्माजी भगवान‍्से कहते हैं—

तस्मादिदं जगदशेषमसत्स्वरूपं

स्वप्नाभमस्तधिषणं पुरुदु:खदु:खम्।

त्वय्येव नित्यसुखबोधतनावनन्ते

मायात उद्यदपि यत् सदिवावभाति॥

(श्रीमद्भा० १०।१४।२२)

‘यह सम्पूर्ण जगत् स्वप्नकी तरह असत्य, अज्ञानरूप तथा दु:ख-पर-दु:ख देनेवाला है। आप परमानन्द, ज्ञानस्वरूप तथा अनन्त हैं। यह मायासे उत्पन्न एवं मायामें विलीन होनेपर भी आपमें आपकी सत्तासे सत्यके समान प्रतीत होता है।’

यदि असत् (सृष्टि)-की सत्ताको मानें तो भी उसका सनातन तथा अव्यय बीज* सत् ही है—

बीजं मां सर्वभूतानां विद्धि पार्थ सनातनम्।

(गीता ७।१०)

प्रभव: प्रलय: स्थानं निधानं बीजमव्ययम्॥

(गीता ९।१८)

यदि असत् की सत्ता न मानें तो उसका बीज भी नहीं है, प्रत्युत केवल सत्-ही-सत् है—‘वासुदेव: सर्वम्’।

सत्-तत्त्वमें न आकर्षण है, न विकर्षण; न उपरति है, न आसक्ति; न सकामभाव है, न निष्कामभाव; न पूर्णता है, न अपूर्णता; केवल सत्-ही-सत् है। आकर्षण-विकर्षण, उपरति-आसक्ति आदि सब सापेक्ष हैं, पर तत्त्व निरपेक्ष है। अत: साधककी दृष्टि सत् की तरफ ही रहनी चाहिये। जिसकी सत्ता ही नहीं है, उसकी तरफ क्या देखें?

जब सत् के सिवाय कुछ है ही नहीं, तो फिर इसमें क्या अभ्यास करें? क्या चिन्तन करें? इसमें न कुछ करना है, न कुछ सोचना है, न कुछ निश्चय करना है, न कुछ प्राप्त करना है और न कुछ निवृत्त करना है। अत: असत् की निवृत्ति करनी ही नहीं है; क्योंकि असत् नित्यनिवृत्त है और सत् की प्राप्ति करनी ही नहीं है, क्योंकि सत् नित्य-निरन्तर प्राप्त है—ऐसा विचार करके चुप हो जायँ, कुछ भी चिन्तन न करें। न संसारका चिन्तन करें, न परमात्माका चिन्तन करें; क्योंकि चिन्तन करनेसे हम संसारके साथ जुड़ते हैं और परमात्मासे दूर होते हैं। अत: चिन्तन नहीं करना है, प्रत्युत चिन्तन करनेकी शक्ति जिससे प्रकाशित होती है, उसमें स्वत:सिद्ध स्थितिका अनुभव करना है। जिस ज्ञानके अन्तर्गत वृत्तियाँ दीखती हैं, उस ज्ञानमें स्वत:सिद्ध स्थितिका अनुभव करना है। अपने-आप कोई चिन्तन, स्फुरणा आ जाय तो उसकी तरफ खयाल न करके उसकी उपेक्षा कर दें। जैसे जलके स्थिर (शान्त) होनेपर उसमें मिली हुई मिट्टी अपने-आप नीचे बैठ जाती है, ऐसे ही चुप होनेपर सब विकार अपने-आप शान्त हो जाते हैं, अहम‍् गल जाता है और वास्तविक तत्त्व (अहंरहित सत्ता)-का अनुभव हो जाता है।